सिसैया प्रकरण के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को बार कौंसिल उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी खीरी अंजनी कुमार सिंह को एक ज्ञापन सौंपा।
अजय कुमार शुक्ल ने कहा कि पुलिसकर्मियों का निलंबन प्रथम दृष्टया उनकी संलिप्तता की ओर संकेत करता है। लेकिन प्रशासन द्वारा उन्हें केवल लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के घर में घुसकर प्राणघातक हमला किया गया है। जो जघन्य अपराध है, जिससे जनपद की जनता आक्रोशित व आंदोलित है।
अधिवक्ता महासंघ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सूर्यवंशी ने चेतावनी दी यदि दोषी पुलिसकर्मियों को अविलंब गिरफ्तार नहीं किया गया तो अधिवक्ता महासंघ व्यापक जन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों के दमन को किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा।