Sunday, 08 November 2026 | 3:38 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज में 13 नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 1000 से अधिक युवाओं को नौकरी का अवसर

20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, हाईस्कूल से स्नातक और आईटीआई पास अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
Share:
कासगंज में 13 नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 1000 से अधिक युवाओं को नौकरी का अवसर
कासगंज।नौकरी की तलाश कर रहे युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। जिले में 13 नवंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और युवाओं के लिए 1000 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी। रोजगार मेले के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

जिला सेवायोजन कार्यालय कासगंज की ओर से केए (पीजी) डिग्री कॉलेज, अमापुर रोड कासगंज एवं मॉडल कैरियर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 13 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण युवक-युवतियों के साथ एक्स सर्विसमैन भी प्रतिभाग कर सकेंगे।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में कार्य करने का अवसर मिल सकता है। अलग-अलग कंपनियां अपनी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

जिला सेवायोजन कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की है। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 155330पर संपर्क किया जा सकता है।

खास बात यह है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने से लेकर चयन प्रक्रिया तक किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है।