मैंनपुरी/आलीपुर खेड़ा: भद्दे मजाक करने से रोकने पर देवर ने भाभी पर किया गड़ासा से जानलेवा हमला


मैंनपुरी/आलीपुर खेड़ा: गंभीर हालत में सैफई रेफर, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट।
मैनपुरी जनपद में देवर ने भाभी पर हमला बोल दिया। महिला ने देवर से मजाक न करने की बात कही थी जिसके बाद गुस्साए युवक ने गड़ासा से प्रहार कर दिया। मरणासन्न हालत में महिला को जिला अस्पताल लाया गया। वहां से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

कन्नौज की कोतवाली इंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव मढ़पुरा निवासी मुन्नू लाल ने पुत्री रिंकी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव आलीपुर पट्टी निवासी सीलू के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। आरोप है कि देवर भोले उर्फ विशाल आए दिन भद्दे मजाक करता था। 
देवर के इस तरह के मजाक रिंकी को पसंद नहीं थे। रविवार को रिंकी ने देवर से कहा कि वह भद्दे मजाक न किया करे। आरोप है कि भाभी के विरोध करने पर भोले आक्रोशित हो गया और घर में रखा गड़ासा से रिंकी के शरीर पर कई वार किए। इससे वह मरणासन्न अवस्था में पहुंच गई।

परिजनों की ओर से घायल रिंकी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होने के बाद रिंकी के पिता मुन्नू लाल ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।