लखीमपुर खीरी: पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ ख्याति गर्ग के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक खीरी के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में विशेष परामर्श कक्ष का गठन किया गया।
प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र और अनुभवी काउंसलर की टीम ने शिकायत करने वाले पक्ष और दूसरे पक्ष दोनों को आमने-सामने बैठाकर धैर्यपूर्वक उनकी समस्याएं सुनी। काउंसलर ने पति-पत्नी और उनके परिवारों को आपसी भरोसे, रिश्ते की अहमियत और बच्चों के भविष्य के बारे में समझाया, जिससे उनके मन की कड़वाहट दूर हुई। लगातार प्रयासों और समझाइश का नतीजा यह रहा कि 758 दंपतियों (पति-पत्नी) ने अपनी पुरानी शिकायतें और गुस्सा छोड़कर फिर से एक साथ रहने का निर्णय लिया। सभी 758 जोड़ों को नए सिरे से खुशहाल जीवन शुरू करने की शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया।
एक परिवार के जुड़ने से न केवल पति-पत्नी का रिश्ता बचता है बल्कि उनके बच्चों और दोनों परिवारों के बुजुर्गों के चेहरो पर भी मुस्कान लौट आती हैं। अपने बसे बसाए घर को फिर से जुड़ता देख इन 758 परिवारों के लोगों ने लखीमपुर खीरी पुलिस और परिवार परामर्श केंद्र की टीम का दिल से आभार जताया है।