Tuesday, 20 October 2026 | 10:31 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर मिली 16 वर्षीय नाबालिग बालिका, जीआरपी ने कमालगंज पुलिस को सौंपा

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घर से नाराज होकर दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही 16 वर्षीय नाबालिग बालिका जीआरपी को मिली। पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर कमालगंज पुलिस के सुपुर्द किया।
Share:
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर मिली 16 वर्षीय नाबालिग बालिका, जीआरपी ने कमालगंज पुलिस को सौंपा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में थाना जीआरपी फर्रुखाबाद की टीम रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान पुलिस टीम को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका गुमसुम अवस्था में बैठी मिली। थाना प्रभारी दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालिका से संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की। महिला हेड कांस्टेबल स्वाती पाल ने बालिका से जानकारी ली।

पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह घर पर किसी बात से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई थी और दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने तत्काल बालिका को सुरक्षित महिला हेल्पडेस्क पर बैठाया और उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

जांच के दौरान पता चला कि बालिका के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पहले ही थाना कमालगंज में दर्ज करा दी थी। जीआरपी पुलिस ने तत्काल कमालगंज पुलिस को बालिका के मिलने की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जीआरपी पुलिस ने बालिका को सकुशल कमालगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी की इस कार्रवाई से एक नाबालिग को सुरक्षित उसके अपनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।