Tuesday, 03 November 2026 | 11:34 PM
उत्तर प्रदेश

एटा: मांगों को लेकर जे.एल.एन. कॉलेज के प्रोफेसरों ने बांधी काली पट्टी, किया प्रदर्शन

Share:
एटा: मांगों को लेकर जे.एल.एन. कॉलेज के प्रोफेसरों ने बांधी काली पट्टी, किया प्रदर्शन
*एटा, 3 नवम्बर।* विभिन्न मांगों को लेकर जे.एल.एन. कॉलेज, एटा के प्रोफेसरों ने सोमवार को महाविद्यालय में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन राज्य स्तरीय शिक्षक संगठन फुपुक्टा एवं विश्वविद्यालय स्तरीय संगठन रम्पुटा (राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ शिक्षक संघ) के आह्वान पर किया गया। यह क्रमिक विरोध प्रदर्शन 2 से 5 नवम्बर तक चलेगा। 5 नवम्बर को शिक्षक अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।

प्रदर्शनकारी शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना लागू करना, राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा अवकाश देना, फीडर कैडर लागू करना, स्थानांतरण के लिए एनओसी की अनिवार्यता समाप्त करना, पीएच.डी. पर इंक्रीमेंट देना, पेंशन और जीपीएफ का समय से भुगतान करना तथा अनुदानित महाविद्यालयों के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में शिक्षा सेवा आयोग के माध्यम से लिखित परीक्षा के आधार पर शिक्षकों की भर्ती करना शामिल है।

इसके अलावा छात्रों की विवरणात्मक परीक्षा कराने, विश्वविद्यालय की विभिन्न परिषदों में महाविद्यालयों के शिक्षकों को प्रतिनिधित्व देने, परीक्षा पारिश्रमिक एवं टीए-डीए का समय से भुगतान करने, उच्च शिक्षा निदेशालय में सिटीजन चार्टर लागू करने और समर्थ पोर्टल की समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उठाई गई।

शिक्षकों ने यूजीसी के नियमों के अनुसार ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश देने, राज्य कर्मचारियों की भांति अनुदानित महाविद्यालयों के दिव्यांग शिक्षकों को वाहन भत्ता देने तथा रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के अंतर्गत महाविद्यालयवार स्कूटी वितरण की भी मांग की।

प्रदर्शन में प्रोफेसर वाचस्पति, प्रोफेसर शकील अहमद, रम्पुटा के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र, रम्पुटा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राम अवध सिंह यादव, डॉ. जागृति, डॉ. ओंकार नाथ, प्रमोद कुमार, आनन्द सिंह, डॉ. रत्नेश मिश्र एवं रवि यादव सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।