Monday, 23 November 2026 | 6:51 PM
भारत

जहानाबाद : स्कूल अवधि में चाय दुकान पर बैठे मिले तीन शिक्षक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने मांगा 24 घंटे में स्पष्टीकरण

Share:
जहानाबाद : स्कूल अवधि में चाय दुकान पर बैठे मिले तीन शिक्षक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने मांगा 24 घंटे में स्पष्टीकरण


जहानाबाद, 22 नवंबर।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप के अवलोकनोपरांत जहानाबाद जिला शिक्षा कार्यालय ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय झुनाठी, रतनी फरीदपुर के तीन शिक्षकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
उक्त विद्यालय के शिक्षक अशोक प्रसाद, श्रीचंद प्रकाश और नफीश आलम को
कार्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जहानाबाद से जारी पत्रांक-3327, दिनांक-19/11/2026 में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना, जहानाबाद द्वारा तीनों शिक्षकों को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।
पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया के स्लॉट पर वायरल वीडियो क्लिप के अवलोकनोपरांत ज्ञात हुआ है कि विद्यालय के कार्यावधि में आप सभी अपने कार्यस्थल का परित्याग कर विद्यालय के नजदीक संचालित चाय की दुकान पर शैक्षणिक कार्यावधि में उपस्थित थे। अतएव स्पष्ट है कि आपलोगों के द्वारा विद्यालय के शैक्षणिक कार्यों में कोई रूचि नहीं ली जा रही है तथा विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के पठन-पाठन कार्यों को नियमित रूप से निष्पादित नहीं किया जा रहा है।

साथ ही शिक्षक के दायित्वों का निर्वहन करने में उदासीन रहने तथा मनमानेपूर्ण कार्यशैली अपनाते हुए विद्यालय से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया जाना परिलक्षित होता है। अतएव आपलोगों का यह कृत विद्यालय से संबंधित कार्यों के प्रति उदासीन रहने/छात्रों के पठन-पाठन कार्यों में रूचि का अभाव रहने/शिक्षक के पद पर विद्यालय में पदस्थापित रहते हुए शैक्षणिक कार्यावधि में ही कार्यस्थल का परित्याग कर अन्य कार्यों में संलिप्त रहने/अनुशासनहीनता/कर्त्तव्यहीनता का परिचायक है।

अतएव वर्णित स्थिति में आदेश दिया जाता है कि 24 घंटे के अंदर अपना-अपना स्पष्टीकरण साक्ष्य सहित प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें कि विद्यालय के शैक्षणिक कार्यावधि में किस विभागीय नियम/आदेश के तहत कार्यस्थल (विद्यालय) का परित्याग कर संचालित चाय की दुकान में उपस्थित थे और इस कृत के लिए क्यों नहीं आपलोगों को जिम्मेवार मानते हुए नियमानुकूल अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाय।