जल जीवन मिशन: 4,047 घरों तक नल कनेक्शन पहुंचना बाकी, प्रभारी मंत्री ने तेज काम के दिए निर्देश
स्लग: कासगंज में 2.05 लाख नल कनेक्शन के लक्ष्य के सापेक्ष 2.01 लाख घरों तक पहुंचा पानी, पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा
कासगंज। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की रफ्तार की समीक्षा में जिले की प्रगति सामने आई। जनपद में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अभी 4,047 घरेलू नल कनेक्शन दिए जाना बाकी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट के रुद्राक्ष सभागार में प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में यह आंकड़े सामने आए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 2,05,355 घरेलू नल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 2,01,308 घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं। इस तरह करीब 98 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 4,047 घरों तक कनेक्शन पहुंचाने का काम अभी बाकी है।
पाइपलाइन बिछाने की प्रगति भी पूरी नहीं हो सकी है। जिले में कुल 3,675 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3,388 किलोमीटर कार्य पूरा हुआ है। अभी 287 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जानी शेष है।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंच सके। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।