खेल जगत ने यूं मनाया आजादी का जश्न: गंभीर के संदेश ने जीता दिल

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से लेकर क्रिकेट और खेल जगत की हस्तियों के सोशल मीडिया संदेशों तक, हर जगह तिरंगे, आजादी और देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों ने भी इस खास मौके पर अपने-अपने अंदाज में देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
सचिन, विराट और रोहित ने दीं खास शुभकामनाएं
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारतीय तिरंगे की तस्वीर साझा करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!’ पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी इंस्टाग्राम पर एक खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। उस आजादी का जश्न मनाएं जो हमें एकजुट करती है, उस विविधता का जश्न मनाएं जो हमारी पहचान है और उन सपनों का जश्न मनाएं जो हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। आइए हम मिलकर ऐसा भारत बनाते रहें जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे। जय हिंद।’

वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की जर्सी में अपनी तस्वीर शेयर करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और पूर्व कप्तान मिताली राज ने भी सोशल मीडिया पर देशवासियों को बधाई दी।

गंभीर का संदेश हुआ वायरल
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए बेहद छोटा लेकिन प्रभावशाली संदेश लिखा। उन्होंने कहा, ‘उनका बलिदान। हमारी आजादी। हमारी जिम्मेदारी: भारत। जय हिंद।’ गंभीर के इस संदेश को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। उन्होंने आजादी को केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी से जोड़ते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान जताया।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी लोगों से स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों को याद करने और मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने लिखा, ‘स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। आइए आजादी की भावना का जश्न मनाएं, उन लोगों के बलिदान का सम्मान करें जिन्होंने हमें स्वतंत्रता दिलाई और एक मजबूत, अधिक एकजुट और प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान देते रहें। जय हिंद!’ पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने तिरंगे को भारतीय पहचान से जोड़ते हुए शुभकामनाएं दीं, जबकि शिखर धवन ने टीम इंडिया की जर्सी में बिताए अपने गौरवशाली पलों को याद किया।

Leave a Comment