कासगंज। द दस्तक 24 राजेंद्र सिंह। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को तहसील पटियाली के थाना दरियावगंज क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर तीन खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के निर्देशन में विभागीय टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान सुनील स्वीट्स से खोया, बांके बिहारी स्वीट्स से लौंज तथा राकेश कुमार एवं मम्मी-पापा स्वीट्स से बर्फी के नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग ने खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में रंगों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए। साथ ही मिठाइयों पर एल्यूमिनियम वर्क के स्थान पर चांदी का वर्क इस्तेमाल करने तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
मिलावट मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि पुराने या मिलावटी खाद्य पदार्थों का निर्माण अथवा बिक्री कर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, जिन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है, उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।