फर्रुखाबाद:कायमगंज में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 दिसम्बर 2025 कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम रसीदपुर मई के खेत में शनिवार सुबह 45 वर्षीय सोबरन पुत्र सियाराम का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त सोबरन पुत्र सियाराम के रूप में की। प्रारंभिक तौर पर सोबरन की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। मृतक के शरीर पर गोली लगने जैसा घाव दिखाई दिया, वहीं घटनास्थल के पास खोखे भी पड़े मिले।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की व्यापक जांच कराई। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने जांच के दौरान मृतक के कपड़े और जूते कब्जे में लिए हैं।

एएसपी अरुण कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सोबरन के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया जा सकता कि गोली मारी गई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार की महिलाएं रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।