फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): जनपद के आलू उत्पादक किसानों के लिए वर्ष 2026 में विभिन्न प्रजातियों का कुल 1359.50 कुंतल आलू बीज आवंटित किया गया है। आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद ने बताया कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार आलू बीज का वितरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
आवंटित आलू बीज में कुफरी बहार, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी चिप्सोना-3, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन एवं कुफरी फ्राइसोना सहित विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं। बीज की दरें प्रजाति एवं श्रेणी के अनुसार निर्धारित की गई हैं।
विभाग के अनुसार किसानों को आलू बीज की प्रजातिवार मांग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराकर बुकिंग करनी होगी। ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसान आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या-57, विकास भवन, फतेहगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।
किसान आवश्यक जानकारी के लिए उद्यान निरीक्षक पुष्पेन्द्र यादव (मोबाइल 8318370646) तथा सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार (मोबाइल 9026189437) से भी संपर्क कर सकते हैं।
आलू बीज की दर एवं योजनान्तर्गत बुकिंग के लिए किसानों को विभागीय ऑनलाइन पोर्टल potato.uphorticulture.in पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण एवं बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, कृषक की फोटो तथा भूमि संबंधी अभिलेख जैसे खसरा-खतौनी आवश्यक होंगे।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही आलू बीज की बुकिंग कराएं और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए योजना का लाभ उठाएं।