Sunday, 11 October 2026 | 5:56 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ का प्रशिक्षण आयोजित

फर्रुखाबाद में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 70 फील्ड ट्रेनरों को PE एप के माध्यम से डिजिटल जनगणना प्रक्रिया और घर-घर पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
Share:
फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ का प्रशिक्षण आयोजित
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद(द दस्तक 24):अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना से संबंधित कार्यों, निर्धारित प्रक्रियाओं एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्वों की जानकारी दी गई। जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षित होना और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना आवश्यक है। उन्होंने सही एवं विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्धारण और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिला जनगणना प्रभारी परखी भार्गव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में जनसंख्या गणना के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना, 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक आमजनमानस की गणना तथा 04 जनवरी 2027 को शाम 06 बजे से रात 12 बजे तक बेघर लोगों की गणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन मास्टर ट्रेनरों द्वारा 70 फील्ड ट्रेनरों को PE एप के माध्यम से डिजिटल रूप में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर गृह स्वामियों एवं परिवार के सदस्यों से पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के उत्तर एकत्र करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी एस.पी. सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।