फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 बदलते सियासी समीकरणों के बीच जन अधिकार पार्टी ने आज अमृतपुर विधानसभा के एक गांव में प्रभावशाली बैठक आयोजित कर अपनी जनसंघर्ष की नीति को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने एक स्वर में हाथ उठाकर पार्टी के साथ चलने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता कैप्टन प्रभात शाक्य, जिला अध्यक्ष जन अधिकार पार्टी, फर्रुखाबाद ने की। उन्होंने पार्टी की विचारधारा, मिशन और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज़ बनकर उभरी है और अब गांव-गांव तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर विद प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बृजेश कुशवाहा, जिला प्रभारी युवा राम रहीश कुशवाहा, जिला सचिव धर्मेंद्र कुशवाहा, सेक्टर अध्यक्ष बृजेश कुशवाहा, विधानसभा अध्यक्ष बुद्धदेव कुशवाहा, लालू कुशवाहा सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में कई नए चेहरों को पार्टी में स्वागत करते हुए विभिन्न पदों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पार्टी की नीतियों में भरोसा जताया।
कैप्टन प्रभात शाक्य ने कहा कि “अब वक्त आ गया है जब गांव की जनता अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर निर्णायक भूमिका निभाएगी। जन अधिकार पार्टी हर उस व्यक्ति की पार्टी है, जो अपने हक के लिए आवाज़ उठाना चाहता है।”
यह कार्यक्रम पार्टी के विस्तार और जनसंपर्क अभियान का हिस्सा था, जिसके अंतर्गत जन अधिकार पार्टी जिले के कोने-कोने में बैठकें आयोजित कर रही है।
