फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें कई विभागों की वसूली लक्ष्य से कम पाई गई।
समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग की वसूली निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अत्यंत कम पाई गई। इसी प्रकार स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, आबकारी विभाग तथा मंडी मोहम्मदाबाद व मंडी कायमगंज की मासिक वसूली भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। वहीं परिवहन विभाग की वसूली लक्ष्य से अधिक तथा खनन विभाग की वसूली भी संतोषजनक पाई गई। विद्युत विभाग की वसूली को भी ठीक बताया गया।
जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को प्रवर्तन कार्य में और अधिक सख्ती बरतने तथा कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने खनन विभाग, वाणिज्य कर विभाग, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग तथा मंडी विभाग को प्रवर्तन कार्य बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि राजस्व वसूली में सुधार लाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस के पैरामीटर नियमित रूप से जांचने तथा उनमें सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, सभी उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
