फर्रुखाबाद:एनसीसी शिविर में ड्रिल प्रशिक्षण और करियर काउंसलिंग, कैडेट्स को मिली सैन्य विरासत व रोजगार अवसरों की जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2026 जनपद में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के निर्देशन में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-36 के तीसरे दिन बुधवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए ड्रिल प्रशिक्षण, सैन्य संग्रहालय भ्रमण तथा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन 14 जून से 23 जून 2026 तक किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे राजपूत रेजीमेंट सेंटर और सिख लाइट इन्फैंट्री रेजीमेंट सेंटर के संग्रहालयों के भ्रमण से हुई। कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, सेकंड अफसर संतोष शुक्ला तथा पी स्टाफ के नेतृत्व में कैडेट्स ने संग्रहालयों का अवलोकन किया। भ्रमण का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास, वीर सैनिकों के बलिदान और सैन्य परंपराओं से परिचित कराना था।

इसके बाद प्रातः 10 बजे राजपूत रेजीमेंट सेंटर से आए ड्रिल इंस्ट्रक्टर कृष्ण कुमार ने कैडेट्स को ड्रिल का गहन प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान सावधान, विश्राम, दाएं मुड़, बाएं मुड़, पीछे मुड़, तेज चल, निकट लाइन एवं खुली लाइन चल जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। कड़ी धूप के बावजूद कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया। शिविर में 21 जून को होने वाले ड्रिल टेस्ट की तैयारी प्रतिदिन कराई जा रही है।

दोपहर में आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में जिला सेवायोजन अधिकारी अमित तिवारी ने कैडेट्स को एनसीसी के महत्व और इसके माध्यम से उपलब्ध करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को विभिन्न सरकारी विभागों, सुरक्षा बलों तथा पुलिस भर्ती में अधिमान्यता प्राप्त होती है। साथ ही एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं में एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट धारकों को विशेष लाभ मिलने की जानकारी भी दी।

काउंसलिंग सत्र के दौरान कैडेट्स ने रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और सैन्य सेवाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका जिला सेवायोजन अधिकारी ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने जिला सेवायोजन अधिकारी अमित तिवारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संदीप माधव, कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, लेफ्टिनेंट राजेश दुबे, चीफ अफसर सतीश चंद्र यादव, सेकंड अफसर संतोष शुक्ला, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार गिरिराज किशोर, सूबेदार दिनेश सिंह, जीसीआई अंजलि सहित समस्त पी स्टाफ उपस्थित रहा।

शिविर में आयोजित इस प्रकार की गतिविधियां कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Comment