(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2025 जनपद में इस वर्ष भी शिवभक्तों की आस्था और उल्लास के साथ कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। बिलग्राम (जनपद हरदोई) से श्रद्धालु कांवड़ लेकर मेंहदी घाट से गंगाजल भरकर बाबा गौरी शंकर शिव मंदिर तक पहुंचेंगे। यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी कन्नौज श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने बोर्डिंग ग्राउंड एवं बाबा गौरी शंकर मंदिर सहित पूरे रूट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस बल के साथ-साथ पीएसी की तैनाती कर पूरे रूट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सभी प्रमुख स्थलों व मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल कैंप, विश्राम स्थल, पीने के पानी एवं यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही, यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि, “कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह यात्रा समाज में शांति और भाईचारे का संदेश देती है।” निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, कोतवाली कन्नौज प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वह सहयोग करें और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में प्रशासन का साथ दें।
