फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 नवंबर 2025 जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, फर्रुखाबाद द्वारा निवेशकों एवं उद्यमियों के लिए “निर्यात प्रोत्साहन आउटरीच सत्र” का आयोजन दिनांक 4 नवम्बर 2025 को मधुर मिलन गेस्ट हाउस, फर्रुखाबाद में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम में लगभग 65 निर्यातक इकाइयों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री वी.के. वर्मा (संयुक्त निदेशक, MSME मंत्रालय), श्री आलोक श्रीवास्तव (भारतीय निर्यात संगठन महासंघ) तथा श्री सूर्य प्रकाश यादव (उपायुक्त उद्योग) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सत्र के दौरान श्री नीरज, सहायक निदेशक (MSME) ने भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न निर्यातक इकाइयों से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। इसके पश्चात उपायुक्त उद्योग श्री सूर्य प्रकाश यादव ने निर्यातकों से संवाद कर उनकी नीतिगत समस्याओं और सुझावों को जाना।
मो. आजम खान, सहायक आयुक्त उद्योग ने उत्तर प्रदेश निर्यात प्रोत्साहन नीति-2025 पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं श्री आलोक श्रीवास्तव ने निर्यातकों को भारत सरकार की एमएसएमई योजनाओं, वित्तीय सहायता, गुणवत्ता मानकों, लॉजिस्टिक सुविधाओं और निर्यात प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर फर्रुखाबाद के पारंपरिक उत्पाद जैसे जरी-जरदोजी, ब्लॉक प्रिंटिंग, आलू उत्पाद, फर्रुखाबादी नमकीन एवं हस्तशिल्प वस्तुएँ अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने हेतु प्रमुख चर्चा का विषय रहीं।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य में निर्यात इकाइयों की अहम भूमिका है। उन्होंने सभी उद्यमियों को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त उद्योग सुश्री सोनाली सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं उपस्थित निर्यातकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सत्र का समापन किया।
