बॉलीवुड और टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस ईवा ग्रोवर अक्सर किसी न किसी कारण चर्चा में रहती हैं. अब ईवा अपने लेटेस्ट इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं. एक्ट्रेस ने हाल ही में उन खबरों पर खुलकर बात की है, जिनमें दावा किया जाता है कि उनकी जिंदगी के मुश्किल दौर में सलमान खान ने उनका साथ दिया था. ईवा ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सलमान से मदद नहीं मांगी और न ही सलमान ने उनकी किसी तरह की मदद की.
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में ईवा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में विकिपीडिया और यूट्यूब पर ऐसी कई खबरें देखीं, जिनमें कहा गया था कि उनकी पर्सनल लाइफ के कठिन समय में सलमान खान उनके साथ खड़े थे. ईवा ने कहा कि ये बातें सच नहीं हैं और उन्हें समझ नहीं आता कि ऐसी अफवाहें कहां से आती हैं.
ईवा ने कहा, ‘मैंने सलमान सर के साथ ‘रेडी’ फिल्म में काम किया था. उसके बाद हमारी कभी कोई बातचीत नहीं हुई. वो इतने बड़े सुपरस्टार हैं, फिर मेरी निजी जिंदगी से उनका नाम क्यों जोड़ा जा रहा है? क्या उनके पास और कोई काम नहीं है? मेरी पर्सनल लाइफ में क्या चल रहा था, इससे सलमान खान का कोई लेना-देना नहीं था. इसलिए बार-बार उनका नाम जोड़ना बिल्कुल गलत है.’
