Sunday, 08 November 2026 | 3:50 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:धारा-24 के मामलों में अब मौके पर होगी वीडियोग्राफी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद के अमृतपुर तहसील समाधान दिवस में डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने शिकायतें सुनीं। धारा-24 के मामलों में मौके पर वीडियोग्राफी कराने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:धारा-24 के मामलों में अब मौके पर होगी वीडियोग्राफी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) तहसील अमृतपुर के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
642748

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिन मामलों में मौके पर जांच या निरीक्षण की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
धारा-24 के मामलों में वीडियोग्राफी अनिवार्य

642744

राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के प्रकरणों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तहसील स्तर के क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर कार्रवाई के दौरान अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और पूरी कार्रवाई का निष्पक्ष एवं स्पष्ट अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकरणों में शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। कार्रवाई की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण के संबंध में जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।