*कई बार शिकायत के बाद भी नहीं चेता बिजली विभाग, राजपुर कलां में ओवरलोड से आए दिन जलती है केबल*
*राजपुर कलां, अलीगंज (बरेली)।* अलीगंज फीडर के राजपुर कलां गांव में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी विभाग नहीं चेत रहा। गांव में ओवरलोड के कारण आए दिन बिजली की केबल जल रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ इलाकों में तारों पर ज्यादा लोड है। लोड बढ़ने पर केबल धीरे-धीरे जलने लगती है और कई बार टूटकर जमीन पर गिर जाती है। इससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
केबल जलने के बाद घंटों तक बिजली गुल रहती है। लाइनमैन के आने और जले हुए तार को जोड़ने के बाद ही सप्लाई दोबारा शुरू हो पाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
इस समस्या को लेकर बिजली उपभोक्ताओं ने कई बार शिकायत की है। उनका कहना है कि जहां ज्यादा लोड है, वहां केबल बदली जाए या दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
समाजसेवी पोरवाल ने बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि केबल जलने से उपभोक्ताओं को घंटों बिजली नहीं मिलती और विभाग जल्द समाधान करे।
वहीं अलीगंज फीडर के बाबू नरेंद्र सिंह ने बताया कि लाइनमैन को भेजकर बिजली ठीक कराई जा रही है और जल्द ही सभी उपभोक्ताओं को बिजली मिलेगी।