बरेली/बिशारतगंज – नगर पंचायत बिशारतगंज के नई बाजार मोहल्ले में स्थित 400 KW के ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिशासी अभियंता, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, आंवला को लिखित शिकायत दी है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कल रात 11 बजे लोड विभाजन के नाम पर केबिल निकाले जाने के लिए शटडाउन लिया गया। सप्लाई वापस आने पर ट्रांसफार्मर की एक केबिल का फ्यूज पिलर से काट दिया गया। शिकायत करने के लिए जब संविदा कर्मचारी रुपेन्द्र को फोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और एक प्राइवेट लड़के को फ्यूज जोड़ने भेज दिया, जिसका स्थानीय लोगों ने वीडियो भी बनाया है।
शिकायत पत्र में उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि प्राइवेट कर्मचारियों द्वारा तार जोड़ने के नाम पर प्रति कनेक्शन 200 रुपये वसूले जाते हैं। इस संबंध में पहले भी विभाग को शिकायत की जा चुकी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इसी दुर्व्यवहार के कारण मोहल्ले के लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उपभोक्ताओं ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि उक्त संविदा कर्मचारी को हटाकर बिशारतगंज में किसी अन्य कर्मचारी की नियुक्ति की जाए।
बरेली/बिशारतगंज में बिजली कर्मी की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, अधिशासी अभियंता से की शिकायत
