बरेली/आंवला। आंवला स्थित इफको के ठेका कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने मंगलवार को इफको के मुख्य गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी, क्षेत्राधिकारी आंवला हेमंत उपाध्याय और तहसीलदार आंवला अतुल सेन सिंह मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, आंवला तहसील क्षेत्र के भरताना गांव निवासी 45 वर्षीय धनपाल पुत्र हरिराम इफको में ठेकेदार के अधीन कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक थी। मंगलवार सुबह धनपाल ड्यूटी पर गए थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन मृतक धनपाल का शव लेकर इफको के मुख्य गेट पर पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे।
परिजनों की मुख्य मांग मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को इफको में नौकरी देना है। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे।
बरेली/आंवला के इफको ठेका कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, मुआवजे और नौकरी की मांग।
