पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों को लेकर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. हिंदू संघर्ष समिति की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं मौलाना के बयान को लेकर यूपी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी कड़ी नाराजगी जताई है. कांवड़ यात्रा के दौरान मौलाना साजिद रशीदी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश देखने को मिला.
शुक्रवार को हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
