आजमगढ़:फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कराया जमीन का बैनामा, आपराधिक षड्यंत्र का खुलासा; दो अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो :: आजमगढ़ की बूढनपुर तहसील क्षेत्र के कप्तानगंज थाना पुलिस ने जमीन के फर्जी बैनामे के मामले में कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वास्तविक भू-स्वामी गोविन्द पुत्र झूरी के स्थान पर एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कराकर उसकी पहचान के दस्तावेजों और अन्य सत्यापन प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए जमीन का बैनामा करा दिया गया। मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अभियुक्तों को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, हूँसेपुर सनूप निवासी व ग्राम प्रधान शीला सिंह पत्नी अशोक सिंह वादिनी ने 2 अगस्त 2026 को थाना कप्तानगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके जेठ संजय सिंह को ग्राम मादेपुर, थाना अतरौलिया निवासी गोविन्द पुत्र झूरी की पत्नी तथा प्रेमा पत्नी रोहित द्वारा अपनी भूमि बेचने की बात कही गई थी। बताया गया कि बच्चे के इलाज और अन्य आवश्यकताओं के लिए धन की अत्यंत आवश्यकता होने के कारण भूमि गाटा संख्या 746, रकबा 0.417 हेक्टेयर बेचने का सौदा किया गया।भूमि की बिक्री के लिए 3.50 लाख रुपये की रकम तय हुई। पुलिस के मुताबिक यह धनराशि गोविन्द पुत्र झूरी के खाते में जमा कराई गई तथा कुछ रकम नकद भी दी गई। जब बैनामा कराने के लिए कहा गया तो आरोपियों ने तीन दिन का समय मांगा।आरोप है कि इसके बाद बैनामा कराने के दौरान वास्तविक गोविन्द के स्थान पर एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर दिया गया। फर्जी व्यक्ति की फोटो लगवाकर बैनामे की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी सहित आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई तथा जमीन का बैनामा करा दिया गया।बाद में वादिनी को जानकारी हुई कि वास्तविक गोविन्द के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा करके बैनामा कराया गया है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 248/2026, धारा 318(4) एवं 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।*विवेचना में सामने आया सत्यम विश्वकर्मा का नाम*मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को फर्जी व्यक्ति खड़ा कर बैनामा कराने के कथित षड्यंत्र में सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी, आजमगढ़ के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले में प्रेमा पत्नी रोहित और सत्यम विश्वकर्मा को आरोपी बनाते हुए उनकी तलाश शुरू की।*बूढ़नपुर तिराहे से दोनों गिरफ्तार*कप्तानगंज पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रेमा पत्नी रोहित, निवासी ग्राम मादेपुर, तहसील बूढ़नपुर, जनपद आजमगढ़ तथा सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पूरे मामले में पुलिस बैनामे की प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन तथा फर्जी व्यक्ति की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम*गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल बबीता पासवान तथा कांस्टेबल बृजेश गौड़, थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से जमीन के फर्जी बैनामे के जरिए कथित रूप से रकम हड़पने और दस्तावेजी प्रक्रिया का दुरुपयोग करने के मामले का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

Leave a Comment