अलीगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जून 2026 विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित अमर उजाला के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह में जन कल्याण समिति को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में आयोजित किया गया, जहां क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में कोल विधायक अनिल पाराशर ने जन कल्याण समिति की टीम को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था की ओर से अध्यक्ष इमरान खान, सचिव मुजफ्फर इकबाल एवं कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान ने सम्मान ग्रहण किया।
इस अवसर पर जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने मलखान सिंह जिला चिकित्सालय की टीम तथा अमर उजाला परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में कार्यरत सामाजिक संस्थाओं को समय-समय पर सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे समाजसेवा के प्रति संस्थाओं का मनोबल और उत्साह बढ़ता है तथा अन्य लोगों को भी जनकल्याण एवं सामाजिक कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि वे भविष्य में भी रक्तदान, जनजागरूकता और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
