प्रयागराज,
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश
UPTET 2026 के सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र जारी, आयोग की वेबसाइट से कर सकेंगे डाउनलोड
प्राथमिक स्तर के 5,71,435 और उच्च प्राथमिक स्तर के 7,59,513 अभ्यर्थी हुए सफल
लखनऊ, 07 सितंबर 2026।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2026 के अंतर्गत आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) में सफल घोषित सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र आयोग द्वारा निर्गत कर दिए गए हैं। सफल अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि UPTET-2026 की लिखित परीक्षा 02 एवं 03 जुलाई 2026 को दो-दो पालियों तथा 04 जुलाई 2026 को एक पाली, इस प्रकार कुल 05 पालियों में प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न कराई गई थी। इनमें उच्च प्राथमिक स्तर की 03 पालियां तथा प्राथमिक स्तर की 02 पालियां शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि UPTET-2026 का परिणाम 26 अगस्त 2026 को घोषित किया गया। प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05 तक) की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी अर्थात 80.07 प्रतिशत सफल घोषित किए गए। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08 तक) की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी अर्थात 71.85 प्रतिशत सफल घोषित किए गए।
आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत सभी सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र निर्गत कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त प्रमाण-पत्र डिजिलॉकर के माध्यम से भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफलता उनके शिक्षण क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आयोग का प्रयास है कि परीक्षा एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी, सुगम और अभ्यर्थी हितैषी तरीके से समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
संपर्क सूत्र: धर्मवीर खरे 8737008603
द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858
