फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 जनपद में शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पंचायत शमसाबाद में सेवानिवृत्त अध्यापकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले छह सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को माला पहनाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान रामसनेही दिवाकर, जुबैर अंसारी, जनार्दन पाण्डेय, अमीरुद्दीन उर्फ कल्लन और बाबूराम सहित सेवानिवृत्त अध्यापकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक नगर के वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने समाज और नई पीढ़ी को शिक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।
उन्होंने सम्मानित शिक्षकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने में नगर पंचायत का सहयोग करने की अपील की। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण स्थान है।
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अध्यापकों ने सम्मान के लिए नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया और कहा कि शिक्षक दिवस पर इस प्रकार सम्मानित किया जाना उनके लिए गौरव और खुशी का विषय है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक एवं नगर पंचायत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
