फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल, रूट डायवर्जन सहित विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के रूट, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद डीआईजी ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर समय से पहुंचकर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा वीवीआईपी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए और संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
डीआईजी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
