फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों और उनकी सेवाओं के डिजिटल एकीकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया गया। 2 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में निगम के लोगो का अनावरण एवं वेबसाइट पोर्टल का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जिसका सीधा प्रसारण फर्रुखाबाद में भी किया गया।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद मुकेश राजपूत, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सुशील कुमार शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वत्सला अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 350 आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने शांतिपूर्वक मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कर्मचारियों को समय पर मिलेगा पारिश्रमिक
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम से मिलने वाले लाभों के संबंध में कर्मचारियों को जानकारी दी। बताया गया कि आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक पारिश्रमिक उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही कर्मचारियों के EPF और ESIC खाते खुलवाकर समय से धनराशि जमा कराने तथा समय-समय पर कार्यदक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद आउटसोर्स कर्मचारियों को निगम की व्यवस्थाओं एवं प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी देने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। यह आयोजन आउटसोर्स कर्मचारियों को समयबद्ध पारिश्रमिक, सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आया।
