उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ के साथ आउटसोर्स कार्मिकों के हित में मुख्यमंत्री ने की ऐतिहासिक घोषणाएं।
अब बिचौलियों की भूमिका समाप्त, सीधे बैंक खातों में होगा मानदेय का भुगतान : मा0 सदर विधायक
आउटसोर्स कर्मी बिना भय के करें दायित्वों का निर्वहन : जिला पंचायत अध्यक्ष
आउटसोर्स कार्मिकों को ईपीएफ, ईएसआई, बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा का मिलेगा लाभ
कासगंज, 02 सितंबर 2026। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ के साथ कार्मिकों के हित में कई महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सुशासन की पहली शर्त संवेदनशीलता है। आउटसोर्स कार्मिक दिन-रात परिश्रम कर विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करते हैं, इसलिए उनके अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कासगंज के विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
घोषणाओं के अंतर्गत आउटसोर्स कार्मिकों को प्रत्येक माह की 01 से 05 तारीख के मध्य मानदेय का अनिवार्य रूप से भुगतान किया जाएगा। नए एवं पुराने सभी कार्मिकों के ईपीएफ एवं ईएसआई खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे तथा मानदेय का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। मनमानी एवं असमान कमीशन व्यवस्था को समाप्त कर एकीकृत एवं पारदर्शी तंत्र स्थापित किया जाएगा।
नियमों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, महिला एवं दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। कोई भी एजेंसी संबंधित विभाग एवं उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की सहमति के बिना किसी कार्मिक को सेवा से नहीं हटा सकेगी। प्रत्येक आउटसोर्स कार्मिक का निगम में माइग्रेशन किया जाएगा तथा उन्हें विशिष्ट यूनिक कोड एवं पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। कार्मिकों की कार्यक्षमता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में मा0 सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र, उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कासगंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मा0 सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मियों को बिचौलियों की भूमिका के बिना सीधे उनके बैंक खातों में मानदेय का लाभ मिलेगा। साथ ही सभी आउटसोर्स कर्मियों को बीमा का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आउटसोर्स कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित एवं सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप ने कहा कि सभी आउटसोर्स कर्मियों को बिना किसी भय के अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मी विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। सरकार द्वारा उनके हित में मानदेय में वृद्धि की गई है तथा उन्हें बढ़ा हुआ मानदेय प्राप्त होगा। सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों को किट का वितरण किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आउटसोर्स कार्मिकों ने मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

