फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितंबर 2026 थाना मऊदरवाजा पुलिस ने जमीन के विवाद में अपने पिता की हत्या करने के मामले में वांछित चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हत्या के आलाकत्ल भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री यमुना प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
थाना मऊदरवाजा पुलिस ने मु0अ0सं0 163/2026, धारा 103(1) बीएनएस में वांछित अभियुक्त अनिल पुत्र रामसनेही, निवासी ग्राम अराय पहाड़पुर, थाना मऊदरवाजा, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया।
27 अप्रैल को हुई थी पिता की हत्या
प्रेस नोट के मुताबिक, 28 अप्रैल 2026 को वादी देवेंद्र पुत्र रामनाथ, निवासी ग्राम अराय पहाड़पुर ने थाना मऊदरवाजा में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तों ने वादी के चाचा रामसनेही पुत्र स्वर्गीय राजाराम की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना मऊदरवाजा में मु0अ0सं0 163/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत ओमकार और अनिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त अनिल ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर उसने अपने भाई ओमकार के साथ मिलकर 27 अप्रैल 2026 को अपने पिता रामसनेही की हत्या की थी। अभियुक्त के कथन के अनुसार, उसने पिता के हाथ पकड़े थे, जबकि उसके भाई ओमकार ने हाथ में पहने कड़े से पिता के सिर पर वार किया। इसके बाद अनिल ने भी सिर पर ईंट से वार किया।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर सफेद धातु का एक कड़ा और ईंट के दो टुकड़े बरामद किए हैं, जिन्हें घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बताया गया है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
अभियुक्त की गिरफ्तारी थाना मऊदरवाजा पुलिस टीम तथा सर्विलांस पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजब सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह सहित थाना मऊदरवाजा के पुलिसकर्मी शामिल रहे। सर्विलांस टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक संत कुमार, प्रभारी सर्विलांस/SOG द्वारा टीम के साथ किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
