कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये की बढ़ोतरी पर कासगंज के उचित दर विक्रेताओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर कासगंज जनपद के कोटेदारों में खुशी का माहौल है। सरकार के इस निर्णय को लेकर आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन, 30 यूपी से जुड़े उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के प्रति आभार जताया है।
एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी कासगंज के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे सरकार की योजनाओं के तहत गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि लंबे समय से उचित दर विक्रेता अपने लाभांश में वृद्धि की मांग कर रहे थे। सरकार द्वारा अब लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने से कोटेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर ढंग से संचालित कर सकेंगे।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का भी विशेष आभार व्यक्त किया। कोटेदारों ने कहा कि सरकार ने उनकी समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
ज्ञापन में आगे उम्मीद जताई गई कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उचित दर विक्रेताओं के हित में आगे भी सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे। कासगंज के कोटेदारों ने सरकार के इस फैसले को आर्थिक सशक्तीकरण और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रदेश सरकार के निर्णय से राज्य के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलने की जानकारी सामने आई है। साथ ही ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली शुरू किए जाने से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास भी किया गया है।इस अवसर आदर्श कोटेदार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष किशन दिवाकर सर्वर हुसैन रामभजन हसनैन आदि लोग उपस्थित रहे
फोटो कैप्शन: मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी कासगंज के माध्यम से धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन सौंपते आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी।

