कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने दावा किया कि एकनाथ शिंदे कांग्रेस में आना चाहते थे. अब इस पर उद्धव ठाकरे गुट ने प्रतिक्रिया दी है. शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि एकनाथ शिंदे को ही इस पर बताना चाहिए कि वो कब कांग्रेस में जा रहे थे और क्यों जा रहे थे? उन्होंने सवाल किया कि एकनाथ शिंदे को शिवसेना ने ऐसा क्या नहीं दिया था कि वो कांग्रेस में जाने वाले थे.
आनंद दुबे ने आगे कहा, ”एकनाथ शिंदे जी को कई बार विधायक बनाया, उनके बेटे को सांसद बनाया. हमें लगता है कि शिंदे के बारे में जो चर्चा हो रही है कि वो कांग्रेस में जाने वाले थे, तो क्यों जाने वाले थे, कैसे और कब जाने वाले थे, ये हमें नहीं पता है.”
‘बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी’
शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने ये भी कहा कि बालासाहेब ठाकरे जी ने हमेशा से महाराष्ट्र और देश में कांग्रेस के खिलाफ एक लड़ाई लड़ी थी, ये स्वाभाविक सी प्रक्रिया है लेकिन जब समर्थन देने के बात थी तो प्रतिभा पाटिल को समर्थन भी दिया गया, प्रणब मुखर्जी को भी समर्थन दिया गया. हम राजनीति में देशभक्ति को पहला स्थान देते हैं.
उन्होंने आगे कहा, ”राजनीति में हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे से बड़ा देशभक्त कौन होगा? जिन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए हर वो काम करना चाहा जो देशवासियों को अच्छा लगता है. एकनाथ शिंदे से जरूर आपको पूछना चाहिए कि वो कांग्रेस में किस नेता के जरिए जा रहे थे, कब जा रहे थे. हमारी शिवसेना ने ऐसी क्या कमी रखी थी कि वो कांग्रेस में जा रहे थे. इन सब चीजों पर हुसैन दलवई जी को स्पष्टीकरण देना चाहिए.”
