फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अगस्त 2026 श्रावण मास के तृतीय सोमवार के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने सोमवार को थाना कादरीगेट क्षेत्रांतर्गत पांचाल घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैदल गश्त कर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घाट क्षेत्र में की गई बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पांचाल घाट पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारीगण मौजूद रहे।
