पहाड़ में इंडस्ट्रियल पार्क से युवा आयोग तक, CM धामी के 7 बड़े ऐलान

उत्तराखंड में देहरादून के परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और उनके बलिदान को नमन करते हुए सरकार की आगामी प्राथमिकताओं का खाका भी सामने रखा.

उनके भाषण का बड़ा हिस्सा रोजगार, युवाओं, उद्योग, सीमावर्ती क्षेत्रों, महिला सशक्तिकरण, किसानों और बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर केंद्रित रहा. इसी दौरान उन्होंने सात बड़ी घोषणाएं कीं, जिनमें पहाड़ी जिलों में विशेष औद्योगिक पार्क से लेकर प्रदेश में पहली बार युवा आयोग के गठन, युवाओं के लिए स्वरोजगार योजना, भूमि के विनियमितीकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश बढ़ाने जैसे फैसले शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने हाल में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है. राहत एवं बचाव अभियान के साथ आपदा प्रभावित इलाकों में सड़क, पुल, पेयजल और बिजली जैसी जरूरी सुविधाओं को जल्द बहाल करने पर जोर दिया जा रहा है. घायलों को बेहतर उपचार और जिन परिवारों ने घर अथवा आजीविका खोई है, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को सरकार की प्राथमिकता बताया गया.

Leave a Comment