फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2026 विकासखंड शमशाबाद के ग्राम भगवानपुर बांसखेड़ा के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बुधवार को शमशाबाद मंडी में राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
राहत सामग्री मिलने से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों को काफी राहत मिली। कार्यक्रम के दौरान कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने कायमगंज एसडीएम के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
विधायक डॉ. सुरभि ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना और उनकी मदद करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरत के अनुसार आगे भी राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर नामित सभासद जितेन्द्र कुमार शाक्य, मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, अवधेश राजपूत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
