फर्रुखाबाद:आबकारी विभाग का औचक निरीक्षण, दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर और सीसीटीवी व्यवस्था जांची

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने आबकारी विभाग की टीम के साथ जनपद के विभिन्न अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कम्पोजिट मदिरा दुकानों खीमसेपुर एवं गैसिंगपुर तथा देशी मदिरा दुकानों खीमसेपुर और रामदत्त नगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान भी किया।

आबकारी विभाग की ओर से संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Comment