फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2026 माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के निर्देशन में बुधवार को जागृति स्कीम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, याकूतगंज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर ने किया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम “सशक्त युवा, सशक्त भारत” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरों एवं युवाओं को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों, कानूनी प्रावधानों तथा समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी भूमिका के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में किशोरों को बताया गया कि युवा किसी भी राष्ट्र की प्रगति एवं विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होते हैं। शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और विधिक जागरूकता के माध्यम से युवा अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ ही समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस दौरान किशोरों को बाल संरक्षण से संबंधित विधिक प्रावधानों, किशोर न्याय, बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम-2015, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि सशक्त युवा ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। किशोरों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किशोरों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह के अधीक्षक, कर्मचारीगण, जागृति स्कीम के सदस्य, परा विधिक स्वयंसेवक एवं किशोर अपचारी उपस्थित रहे।
