फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2026 जनपद में भाजपा के सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
कायमगंज संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कलश यात्रा का पूजन-अर्चन कर उसे रवाना किया।
कलश यात्रा कायमगंज नगर के प्रमुख मार्गों से होकर विभिन्न स्थानों पर पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं तथा अनुसूचित वर्ग के लोगों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संत रविदास महाराज की जयंती को पार्टी द्वारा एक पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। उनके विचारों और सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा नेतृत्व ने समरसता संकल्प अभियान शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में व्याप्त छुआछूत, ऊंच-नीच और सामाजिक विसंगतियों को दूर करने का संदेश दिया तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया। उनके विचार आज भी समाज के कल्याण और उत्थान के लिए महत्वपूर्ण हैं।
फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संत रविदास ने मानव समाज को एकता और समानता का संदेश दिया। उनके विचारों को प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ता कलश यात्रा के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
कलश यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार चक, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र दुबे, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रिशिपाल सिसोदिया, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के जिला संयोजक वीरेंद्र कठेरिया के साथ अशोक राजपूत, शिवांश तिवारी, अमर गुप्ता, अखिलेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कलश यात्रा में सहभागिता की।
