आजमगढ़ ब्यूरो : आजमगढ़ जिले के कन्धरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशुनदासपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार को सार्वजनिक शौचालय बंद होने पर सवाल पूछना महंगा पड़ गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान पति ने पत्रकार के साथ अभद्रता की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पत्रकार ने कन्धरापुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ‘भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार संघ’ से जुड़े पत्रकार सुरेश चन्द्र यादव (निवासी ग्राम नैपूरा, थाना तहबरपुर) क्षेत्र में विकास कार्यों की पड़ताल के सिलसिले में ग्राम पंचायत किशुनदासपुर (थाना कन्धरापुर) भ्रमण पर थे। मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे जब वे गांव के सार्वजनिक शौचालय के पास पहुंचे, तो वह ताला बंद पाया गया।
पत्रकार द्वारा जब शौचालय बंद होने का कारण जानने और निरीक्षण करने का प्रयास किया जा रहा था, उसी दौरान मौके पर ग्राम प्रधान पति बीरेंद्र पासवान (पुत्र गामा पासवान) पहुंच गए।
बाइट देने से इंकार और अभद्रता
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि जब उन्होंने सार्वजनिक शौचालय बंद रहने का कारण पूछा और इस विषय पर वक्तव्य (बाइट) लेना चाहा, तो प्रधान पति आगबबूला हो गए। उन्होंने बाइट देने से साफ इंकार कर दिया और पत्रकार से उलझते हुए बहस करने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रधान पति ने आपा खो दिया और पत्रकार को जान से मारने की धमकी दे डाली।
थाने में शिकायत, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार सुरेश चन्द्र यादव ने कन्धरापुर थाना अध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर आपबीती सुनाई। उन्होंने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी प्रधान पति बीरेंद्र पासवान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है
आजमगढ़:स्थानीय पत्रकार को प्रधान पति ने कि अभद्रता और दी जान से मारने धमकी
