राष्ट्रीय स्तर की पार्टी के रूप में खड़ी हो रही है सम्यक पार्टी: प्रोफेसर राम सिंह

आगरा। सम्यक पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को आगरा के अंगूठी ग्राम में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रोफेसर राम सिंह, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के. एम. दिवाकर, जिला अध्यक्ष धर्म प्रकाश वर्मा, जिला महासचिव दिलीप कुमार शाक्य सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रोफेसर राम सिंह ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों सामंतवादियों की पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि इनके विकल्प के रूप में आम जनता की एक मजबूत राष्ट्रीय स्तर की पार्टी खड़ी करने की जरूरत है। सम्यक पार्टी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

प्रोफेसर राम सिंह ने कहा कि सम्यक पार्टी का संगठन उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और दिल्ली में तेजी से विस्तार कर रहा है। इसके साथ ही देश के अन्य राज्यों में भी पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर आम जनता की राजनीतिक आवाज बनाने के लिए संगठन का विस्तार किया जा रहा है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य ने कहा कि सम्यक पार्टी पूर्ण रूप से लोकतांत्रिक पार्टी है और लोकतांत्रिक पार्टी ही लोकतंत्र को बचा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, बसपा, कांग्रेस, राजद, जदयू, एनसीपी, झामुमो आदि दलों के संगठन में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है। ऐसे में ये पार्टियां लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकतीं।

पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के. एम. दिवाकर ने कहा कि चुनाव आयोग को दिए गए पार्टी के संविधान में स्पष्ट प्रावधान है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित किसी भी पद पर कोई व्यक्ति या उसके परिवार का सदस्य दो कार्यकाल से अधिक नहीं रह सकता। उन्होंने इसे पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान बताया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक स्तर पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला अध्यक्ष धर्म प्रकाश वर्मा को मंडल अध्यक्ष पद पर प्रोन्नत किया गया, जबकि भूरी सिंह को आगरा जिले का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इसके अलावा ग्राम अंगूठी में ग्राम एवं बूथ कमेटियों का गठन किया गया। सेक्टर कमेटी में भी विभिन्न पदाधिकारियों को नामित किया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा सम्यक पार्टी के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

पार्टी के संस्थापक तपेन्द्र प्रसाद शाक्य का शुक्रवार को जन्म दिन भी था। इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष, अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर अंगूठी ग्राम में ही वृक्षारोपण भी किया।

Leave a Comment