फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शराब दुकानों का औचक निरीक्षण, अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 एवं विभागीय टीम ने भोलेपुर, आवास विकास और बाग लकूला स्थित देशी शराब दुकानों, मॉडल शॉप तथा कम्पोजिट दुकानों की गहन जांच की। टीम ने स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन के माध्यम से हो रही बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया। साथ ही देशी शराब दुकानों से संचालित कैंटीनों की भी सघन जांच की गई।

जांच के दौरान उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Comment