फर्रुखाबाद में तीन दिवसीय परिवार नियोजन विशेष शिविर सफल, 38 महिलाओं की हुई सुरक्षित नसबंदी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनसंख्या स्थिरीकरण, सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ परिवार के उद्देश्य से जनपद फर्रुखाबाद में 3 से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय विशेष परिवार नियोजन (महिला नसबंदी/ट्यूबल लिगेशन) शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज, कमालगंज और बरौन में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 38 महिलाओं की सुरक्षित एवं सफल नसबंदी की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सीएचसी कायमगंज में 14, सीएचसी कमालगंज में 14 तथा सीएचसी बरौन में 10 महिलाओं का सफल ऑपरेशन किया गया। सभी लाभार्थियों का ऑपरेशन से पूर्व चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक प्रयोगशाला जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप ऑपरेशन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल एवं गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन किया गया। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं है, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा, परिवार की आर्थिक मजबूती और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार भी है।

सीएमओ ने बताया कि प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन की सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशिक्षित विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने योग्य दम्पत्तियों से अपनी आवश्यकता के अनुसार परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों का चयन कर लाभ उठाने की अपील की। साथ ही आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र दम्पत्तियों को जागरूक कर इन सेवाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

शिविरों के दौरान संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधन टीम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

महिला नसबंदी ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किए गए। टीम में डॉ. कृष्णा बोस (डीजीओ), डॉ. अरुण यादव (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. रोहित तिवारी (सर्जन), डॉ. ममता अरुण, डॉ. मधु अग्रवाल, ओटी टेक्नीशियन नरेन्द्र, काउंसलर सुनीता तथा स्टाफ नर्स रीता एवं मीरा सहित जिला महिला चिकित्सालय और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहे।

शिविरों में महिलाओं का पंजीकरण, रक्तचाप एवं आवश्यक जांच, विशेषज्ञ परामर्श, ऑपरेशन से पहले और बाद की स्वास्थ्य सेवाएं तथा रिकवरी के दौरान चिकित्सकीय निगरानी सुनिश्चित की गई। लाभार्थियों को आवश्यक दवाइयों के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

इसके अलावा महिलाओं एवं उनके परिजनों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी साधनों जैसे कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां, कंडोम तथा अन्य उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है तथा बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है।

समापन अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने सभी चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऐसे विशेष शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने योग्य दम्पत्तियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Comment