फर्रुखाबाद:कायमगंज में बाढ़ संभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, नाव-स्टीमर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 तहसील कायमगंज में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कायमगंज ने 4 अगस्त को तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित ग्राम झौआ और कटरी तौफीक का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों और स्थानों पर आवश्यकता हो, वहां नाव एवं स्टीमर की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा उनकी आवश्यकताओं पर सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय लेखपालों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा बाढ़ शरणालयों, बाढ़ चौकियों तथा अन्य आवश्यक राहत व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ संबंधी परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Comment