भारतीय क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है. मंगलवार को टीम इंडिया श्रीलंका पहुंची है. श्रीलंका में भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. टीम इंडिया बिना साई सुदर्शन के ही श्रीलंका गई है. यह युवा बल्लेबाज अभी टीम के साथ श्रीलंका नहीं गया है. ऐसे में फैंस जानना चाह रहे थे कि आखिर साई सुदर्शन कहां हैं? और वह श्रीलंका दौरे पर जाएंगे या नहीं? अब इन सवालों पर ताजा अपडेट आ गया है.
बता दें कि बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन को टीम इंडिया में जगह दी है. हालांकि, उनका खेलना फिटनेस के आधार पर तय था. जानकारी मिली है कि साई सुदर्शन के अंगूठे में चोट लगी है. क्रिकबज की रिपोर्ट के हिसाब से साई सुदर्शन अभी बेंगलुरु स्थित सीओई में हैं, जहां वह रिहैब से गुजर रहे हैं. अच्छी बात यह है कि रिपोर्ट में बताया गया है कि साई सुदर्शन ने बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया है.
साई सुदर्शन के श्रीलंका जाने पर अभी अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, साई सुदर्शन 8 अगस्त को श्रीलंका जा सकते हैं. भारतीय टीम को 7 अगस्त से श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है. ऐसे में सुदर्शन इस प्रैक्टिस मैच में नहीं खेल पाएंगे. हालांकि, वह 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे. हालांकि, इससे पहले उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा.
