गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) पवित्र सावन माह के दृष्टिगत छोटी काशी गोला कॉरिडोर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्रेन में जनरल कोचों की संख्या बढ़ाने एवं किसानों द्वारा रजिस्टर्ड भूमि दाखिल खारिज करने हेतु बुधवार को राकिशसं के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने रेल महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे-गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन गोला एसडीएम युगांतर त्रिपाठी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि सावन माह में जनपद लखीमपुर खीरी के गोला कॉरिडोर छोटी काशी के नाम से विख्यात दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की सुविधा का ध्यान रखते हुए ऐशबाग लखनऊ से कासगंज की ओर और कासगंज से लखनऊ ऐशबाग की ओर आने जाने वाली रेल में बीस जनरल बोगियों को जोड़े जाने के आदेश सुनिश्चित करने की मांग की, जिससे छोटी काशी आने वाले शिव भक्तों को जलाभिषेक करने में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और प्रसन्न चित्त से सभी श्रद्धालु जलाभिषेक कर सके।
ज्ञापन में बताया गया कि तहसील गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के किसानों द्वारा वर्षों पूर्व खरीदी गई भूमि सैकड़ों किसानों की दाखिल खारिज नहीं हो सकी है। जिसमें सरला देवी निवासी ग्राम अजान, सुधा देवी निवासी गोला देहात भारत भूषण कालोनी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने फरवरी वर्ष 2024 में गोला गोकर्णनाथ निवासी मीनाक्षी अग्रवाल से गाटा संख्या 444 प्लाट (भूमि) का बैनामा कराया था। सरला देवी को भूमि वाद संख्या 2185 और सुधा देवी को वाद संख्या 2210 न्यायालय नायब तहसीलदार की प्राप्त कराई गई। नोटिस पर दिनांक 10 फरवरी 2024 को सम्बंधित लेखपाल द्वारा आख्या नायब तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत की गई है किंतु अब तक दाखिल खारिज नहीं हो सकी है, जिस कारण किसान लगातार तहसील के चक्कर काट रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि किसानों की रोकी गई दाखिल खारिज तत्काल प्रभाव से 15 दिन के अंदर सुनिश्चित कराकर किसानों को सूचना नोटिस उपलब्ध कराई जाए। अन्यथा पीड़ित किसानों के साथ राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन तहसील प्रांगण में सत्याग्रह को बाध्य होगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।
लखीमपुर : राकिशसं ने सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधार्थ ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाने सहित अन्य मांगो को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
