फर्रुखाबाद में गंगा चेतावनी बिंदु से ऊपर, 21 गांव बाढ़ से प्रभावित; राहत शिविरों में 180 लोग, एनडीआरएफ और फ्लड पीएसी तैनात

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2026 जनपद में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचने के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सिंचाई विभाग के अनुसार सोमवार को गंगा नदी का जलस्तर 136.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर और खतरे का निशान 137.10 मीटर है। वहीं रामगंगा नदी का जलस्तर फिलहाल बिलो गेज है।

प्रशासन के अनुसार बाढ़ से सदर तहसील के 3, कायमगंज तहसील के 10 और अमृतपुर तहसील के 8 गांव प्रभावित हैं। इस प्रकार जिले के कुल 21 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए जनपद में 24 अस्थायी बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। इनमें से सदर तहसील के फल मंडी अर्राह पहाड़पुर और रहमानिया इंटर कॉलेज स्थित दो राहत शिविरों में अब तक 180 लोग ठहरे हुए हैं। प्रशासन द्वारा सभी को पका हुआ भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा 52 अस्थायी बाढ़ चौकियां संचालित की जा रही हैं, जहां आवश्यक कार्मिकों की तैनाती की गई है।

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 44 नावें और 3 मोटर बोट लगाई गई हैं। इनमें सदर तहसील में 18 नावें और 2 मोटर बोट, कायमगंज में 15 नावें और 1 मोटर बोट तथा अमृतपुर में 11 नावें संचालित की जा रही हैं।

आपदा से निपटने के लिए जनपद में एनडीआरएफ की एक टीम तथा फ्लड पीएसी की एक कंपनी मोटर बोट और आवश्यक उपकरणों सहित तैनात है। साथ ही 53 स्वयंसेवी गोताखोरों की सेवाएं भी आवश्यकता के अनुसार ली जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित गांवों में 23 मेडिकल कैंप लगाए हैं, जिनमें अब तक 536 लोगों का उपचार किया जा चुका है। इसके साथ ही 224 ओआरएस पैकेट और 734 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गई हैं। जनपद में 4606 एंटी स्नेक वेनम तथा पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) उपलब्ध है।

पशुपालन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में 6 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें अब तक 51 पशुओं का उपचार तथा 2290 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। पशुओं के लिए चारा एवं भूसे की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई गई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

Leave a Comment