फर्रुखाबाद:तंबाकू मुक्त स्वास्थ्य संस्थानों पर रहेगा विशेष जोर, COTPA अधिनियम का कड़ाई से होगा पालन- सीएमओ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को पूर्ण रूप से तंबाकू मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय ने तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA)-2003 का प्रभावी और कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने वाले केंद्र हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों का सेवन या बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ को निर्देशित किया कि सभी अस्पतालों में “नो स्मोकिंग” संकेतक, चेतावनी बोर्ड और तंबाकू निषेध संबंधी जागरूकता सामग्री प्रमुख स्थानों पर लगाई जाए तथा नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। इसलिए मरीजों का उपचार करने के साथ-साथ उन्हें और उनके परिजनों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करना भी स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आवश्यकता पड़ने पर अस्पतालों में तंबाकू निषेध परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल परिसर पूरी तरह धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन मुक्त रहे। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ, सुरक्षित और तंबाकू मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सीएमओ ने कहा कि जनजागरूकता अभियान, नियमित निरीक्षण और प्रभावी प्रवर्तन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग जनपद में तंबाकू सेवन पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को तंबाकू जनित गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Comment