फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 तथागत सामाजिक समिति (TSS) की ओर से कम्पिल स्थित तथागत बुद्ध विहार में नीट परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले छात्र चक्रेश शाक्य का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर छात्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के ब्लॉक अध्यक्ष कायमगंज नंदराम शाक्य ने की, जबकि संचालन समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भंते जी द्वारा बुद्ध वंदना के साथ हुआ। इसके बाद चक्रेश शाक्य को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर उनकी सफलता का अभिनंदन किया गया।
चक्रेश शाक्य, कम्पिल के गंगा टोला निवासी डॉ. रविकांत शाक्य के पुत्र हैं। उन्होंने बिना किसी कोचिंग के केवल स्वयं के अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 714 तथा कैटेगरी रैंक 213 प्राप्त की है। इससे पूर्व उन्होंने सीपी विद्या निकेतन, कायमगंज से हाईस्कूल में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया था तथा आईसीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट में 97.25 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। उनके दादा स्वर्गीय डॉ. सूबेदार सिंह कम्पिल के प्रसिद्ध चिकित्सक रहे हैं।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि चक्रेश शाक्य की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो बिना कोचिंग के भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य ने सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों को सामाजिक जागरूकता और एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि समिति समाज में पंचशील सिद्धांतों के पालन को बढ़ावा देने का अभियान चलाएगी। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से निमंत्रण स्वीकार करने, तेरहवीं संस्कार जैसी परंपराओं पर पुनर्विचार करने तथा विवाह समारोह दिन में संपन्न कराने जैसे सामाजिक सुधार संबंधी प्रस्तावों पर भी कार्य किया जाएगा।
समिति ने शाक्य, कुशवाहा, मौर्य एवं सैनी समाज के बीच आपसी वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहित कर सामाजिक एकता मजबूत करने पर जोर दिया। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार से भगवान गौतम बुद्ध का चित्र अपने घर में सम्मानपूर्वक स्थापित करने तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद-फरोख्त समाज के लोगों के बीच करने की अपील की गई, ताकि सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग की भावना को सुदृढ़ किया जा सके।
समारोह में समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, जिला महासचिव रामवीर शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, जिला उपाध्यक्ष महावीर सिंह शाक्य, जिला सचिव संतोष कुमार शाक्य, हेमंत कुमार शाक्य, नगर मीडिया प्रभारी डॉ. धर्मवीर सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों ने चक्रेश शाक्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बेचेलाल शाक्य, सतीश चंद्र शाक्य, अशोक कुमार, अवनीश, सत्य, गुरदेव सिंह, प्रेमचंद शाक्य, नंदराम सिंह, संतोष कुमार शाक्य, सुरजीत सत्य, डॉ. गजराज सिंह, नरेंद्र सिंह शाक्य, अजय पाल, कीरत शाक्य, रघुनंदन लाल, सर्वेश चंद्र शाक्य, सुरेंद्र सिंह, महेश चंद्र शाक्य, सूर्य शाक्य, एडवोकेट राजेश शाक्य, लाखन सिंह शाक्य, श्यामा चरण, हेमंत कुमार शाक्य सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का समापन चक्रेश शाक्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा समाज में शिक्षा, सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
